Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-26

Ranchi News: रांची नगर निगम की सख्ती, सात दिन में लें फायर एनओसी, नहीं तो भवन होगा सील

Ranchi News: राजधानी रांची में अग्नि सुरक्षा मानकों को लेकर रांची नगर निगम ने बड़ा अभियान शुरू किया है. निगम ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि जिन बहुमंजिली इमारतों, शैक्षणिक संस्थानों, अस्पतालों, होटलों, रेस्टोरेंट और अन्य बड़े व्यावसायिक भवनों के लिए फायर एनओसी अनिवार्य है, उनके संचालक सात दिनों के भीतर अग्निशमन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (फायर एनओसी) प्राप्त करें या उसका नवीनीकरण कराएं.

नियमों का पालन नहीं किया तो होगी सीलिंग की कार्रवाई
नगर निगम ने चेतावनी दी है कि निर्धारित अवधि के भीतर फायर एनओसी नहीं लेने या उसका नवीनीकरण नहीं कराने वाले भवनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. झारखंड नगरपालिका अधिनियम-2011 और झारखंड भवन उपविधि-2016 के प्रावधानों के तहत ऐसे भवनों को सील किया जाएगा. इसके अलावा संबंधित धाराओं के तहत विधिसम्मत कार्रवाई भी शुरू की जाएगी.

होल्डिंग टैक्स पर 10% तक की छूट का अंतिम मौका
रांची नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए होल्डिंग टैक्स समय पर जमा करने वाले करदाताओं को अधिकतम 10 प्रतिशत तक की विशेष छूट देने की योजना लागू की है. इस योजना का लाभ उठाने के लिए अब केवल पांच दिन का समय शेष है. निगम ने नागरिकों से 30 जून तक टैक्स जमा कर छूट का लाभ लेने की अपील की है.



घर-घर पहुंच रही निगम की टीम
छूट योजना की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए निगम की राजस्व शाखा की टीम शहर के विभिन्न इलाकों में होल्डिंग धारकों के घरों और भवनों पर सूचना पत्र चस्पा कर रही है. इन सूचना पत्रों में टैक्स भुगतान की अंतिम तिथि और छूट योजना की विस्तृत जानकारी दी जा रही है.

अवकाश के दिन भी खुला रहेगा जन सुविधा केंद्र
करदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने अवकाश के दिनों में भी जन सुविधा केंद्र संचालित करने का निर्णय लिया है. इसके तहत 26 जून (मुहर्रम), 28 जून (रविवार) और 30 जून (हूल दिवस) को भी निगम कार्यालय स्थित जन सुविधा केंद्र में होल्डिंग टैक्स जमा किया जा सकेगा.

इन माध्यमों से जमा कर सकते हैं टैक्स
नागरिक स्मार्ट रांची ऐप, व्हाट्सऐप चैटबॉट (8986627070), रांची नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट, जन सुविधा केंद्र तथा अधिकृत कर संग्राहकों के माध्यम से होल्डिंग टैक्स का भुगतान कर सकते हैं. नगर निगम ने लोगों से समय पर टैक्स जमा कर विशेष छूट का लाभ उठाने और शहर के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !