Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-11

Ranchi News: रांची नगर निगम परिषद की बैठक संपन्न, शहर के विकास के लिए 25 अहम प्रस्तावों पर लगी मुहर

Ranchi News: रांची में शनिवार को आयोजित नगर निगम परिषद की बैठक में शहर के विकास, आधारभूत सुविधाओं और कानून-व्यवस्था से जुड़े 25 अहम प्रस्तावों पर चर्चा हुई। इस बैठक में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची सांसद संजय सेठ, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, विधायक सीपी सिंह, महापौर रौशनी खलखो, उप महापौर नीरज कुमार और सभी 53 वार्डों के पार्षद शामिल हुए।


रांची को पायलट सिटी बनाने का प्रस्ताव

केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री एवं सांसद संजय सेठ ने रांची को पायलट सिटी के रूप में विकसित करने की वकालत की। उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी को देखते हुए शहर का योजनाबद्ध विस्तार और आधुनिक आधारभूत संरचना तैयार करना जरूरी है। साथ ही उन्होंने सभी वार्डों में ओपन जिम स्थापित करने का सुझाव देते हुए इसे फिट इंडिया अभियान को बढ़ावा देने वाला कदम बताया।

पुलिस कमिश्नर प्रणाली की उठी मांग

बैठक में संजय सेठ ने शहर में बढ़ते अपराधों पर चिंता जताते हुए रांची में पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू करने की मांग की। उनका कहना था कि इससे कानून-व्यवस्था मजबूत होगी, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव होगा और महिलाओं की सुरक्षा भी बेहतर हो सकेगी।

महुआ माजी ने उठाए फंड और स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दे

राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने कहा कि केंद्र से राज्य को मिलने वाली बकाया राशि समय पर नहीं मिलने से कई विकास योजनाएं प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बरसात के मौसम में डेंगू और मलेरिया की रोकथाम के लिए कई इलाकों में नियमित रूप से ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव नहीं हो रहा है और निगम प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।

पार्षदों ने उठाए वार्डों की मूलभूत समस्याएं

बैठक के दौरान पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की सड़क, पेयजल, जलनिकासी, सफाई, स्ट्रीट लाइट और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इन प्रस्तावों पर चर्चा के बाद नगर निगम प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के अंत में सभी जनप्रतिनिधियों ने बेहतर शहरी प्रबंधन, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और समन्वय के साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया। उम्मीद जताई गई कि परिषद की बैठक में लिए गए फैसलों और प्रस्तावों पर समयबद्ध कार्रवाई से रांची के विकास को नई गति मिलेगी।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !