Ranchi News : राजधानी रांची में अपराधियों के नेटवर्क और कनेक्शन काफी बढ़ते जा रहे हैं, तजा मिली सुचना के अनुसार रांची के कुछ अपराधियों के पास से विदेशी मार्किंग वाला हथियार मिलने के बाद पुलिस सतर्क हो गई है। सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से “MADE IN USA” लिखा हुआ पिस्तौल बरामद किया गया है।
गुप्त सुचना के आधार पर पुलिस ने की कार्रवाई, बड़ी वारदात की थी तयारी
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गंगानगर करम चौक के पास कुछ युवक किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस वाहन को देखते ही सभी युवक भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर चारों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान अंकित खलखो के पास से एक पिस्तौल बरामद हुई। पिस्तौल के बैरल पर “ELEY” और “MADE IN USA” लिखा मिला। इसके साथ मैगजीन से दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए, जिन पर “9mm 22 KF 16” अंकित था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सहदेव तिग्गा, अंकित खलखो, रवि लकड़ा और संदीप कुमार उर्फ बब्लू के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विदेशी मार्किंग वाला हथियार अपराधियों तक कैसे पहुंचा। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि इस हथियार का इस्तेमाल किसी बड़ी आपराधिक घटना में किया जा सकता था।