Ranchi News: राजधानी रांची में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को लेकर मिल रही शिकायतों पर राज्य सरकार ने गंभीरता दिखाई है. कई इलाकों में नलों से गंदा पानी आने की शिकायतों के बाद सरकार ने रांची नगर निगम को व्यवस्था दुरुस्त करने और तत्काल कदम उठाने का निर्देश दिया है.
जलापूर्ति व्यवस्था की समीक्षा के दौरान यह बात सामने आई कि कुछ क्षेत्रों में पाइपलाइन नेटवर्क के जरिए सप्लाई होने वाले पानी में गंदगी मिल रही है. इसके कारण लोगों को साफ पानी की जगह दूषित पानी मिलने की समस्या का सामना करना पड़ रहा है.
मामले को गंभीर मानते हुए मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने नगर आयुक्त को निर्देश दिया है कि जल वितरण प्रणाली की जांच कर गड़बड़ी को दूर किया जाए. साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि लोगों के घरों तक स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल पहुंचे.
सरकार ने शहरी क्षेत्रों में सीवरेज व्यवस्था को लेकर भी सख्ती दिखाई है. निर्देश दिया गया है कि नालों से निकलने वाले गंदे पानी को बिना ट्रीटमेंट के जलाशयों में नहीं छोड़ा जाए. इसके लिए सीवरेज ट्रीटमेंट की व्यवस्था को प्रभावी बनाने को कहा गया है, ताकि जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाया जा सके.
नगर निगम को अब प्रभावित इलाकों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करने और जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी दी गई है.