ATS Court Ranchi: झारखंड के कुख्यात अमन श्रीवास्तव को ATS के विशेष न्यायाधीश कुलदीप की अदालत से जमानत मिल गई है. अमन श्रीवास्तव फिलहाल होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में बंद है.
ATS थाना में दर्ज इस मामले में अमन श्रीवास्तव और अन्य आरोपियों पर रंगदारी तथा लेवी से रकम जुटाने का आरोप है. जांच एजेंसी का दावा है कि इस रकम का इस्तेमाल हथियार खरीदने और कथित तौर पर दहशत फैलाने के लिए किया जाता था.
गोलीबारी और आगजनी के जरिए भय फैलाने का आरोप
ATS की प्राथमिकी के अनुसार, आरोपियों पर व्यवसायियों और ठेकेदारों से रंगदारी व लेवी वसूलने का आरोप है. एजेंसी ने आरोप लगाया है कि गिरोह हथियारों की खरीद के बाद अपने सहयोगियों के जरिए गोलीबारी और आगजनी जैसी घटनाओं को अंजाम देकर डर का माहौल बनाता था.
ATS ने इस मामले में अमन श्रीवास्तव के खिलाफ कार्रवाई शुरू की थी. बाद में रंगदारी मांगने के आरोप से जुड़े एक अन्य मामले में भी ATS थाना में केस दर्ज किया गया.
15 लोगों के खिलाफ दर्ज है प्राथमिकी
ATS थाना में दर्ज प्राथमिकी में अमन श्रीवास्तव के अलावा उसके भाई अभिक श्रीवास्तव, बहनोई चंद्रप्रकाश राणू, बहन मंजरी श्रीवास्तव और चचेरे भाई प्रिंसराज श्रीवास्तव का नाम शामिल है.
प्राथमिकी में सहयोगी बताए गए विनोद कुमार पांडेय, जहीर अंसारी, फिरोज खान उर्फ साना खान, मजमूद उर्फ नेपाली, असलम और सिद्धार्थ साहू के नाम भी दर्ज हैं.
ATS के अनुसार, इस मामले में कुल 15 आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. अमन श्रीवास्तव के खिलाफ अन्य मामलों में भी केस दर्ज होने की जानकारी है.