Ranchi News: चर्चित कोयला कारोबारी एलबी सिंह से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई जारी है। इस बीच एलबी सिंह की पत्नी आरती सिंह ने ईडी के समक्ष पेश होने के लिए एक बार फिर समय मांगा है। उन्होंने जांच एजेंसी से 10 दिन की मोहलत देने का अनुरोध किया है। यह दूसरी बार है जब उन्होंने समन के बावजूद पेशी के लिए समय मांगा है।
27 अगस्त को होना था पूछताछ के लिए पेश
ईडी ने आरती सिंह को दूसरा समन जारी करते हुए 27 अगस्त को कार्यालय में उपस्थित होकर पूछताछ में शामिल होने का निर्देश दिया था। इससे पहले जारी समन पर उन्होंने पेश होने के बजाय 10 दिन का समय मांगा था। अब निर्धारित तारीख पर भी उपस्थित होने के बजाय उन्होंने दोबारा समय बढ़ाने का अनुरोध किया है। हालांकि, ईडी ने उनके आवेदन पर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है।
160 करोड़ रुपये का निवेश किया गया था फ्रीज
कोयला घोटाले से जुड़े मामले में ईडी ने दूसरे चरण की छापेमारी के दौरान करीब 160 करोड़ रुपये के निवेश को फ्रीज किया था। जांच एजेंसी के अनुसार, यह निवेश एलबी सिंह से संबंधित है। छापेमारी के दौरान मिले अचल संपत्तियों के दस्तावेज और फ्रीज किए गए निवेश की जांच के बाद ईडी ने एलबी सिंह के परिवार और रिश्तेदारों से पूछताछ का फैसला लिया।
भाई और साले ने भी मांगा था समय
ईडी ने एलबी सिंह के भाई विश्व विजय सिंह, पत्नी आरती सिंह और साले रंजीत कुमार सिंह को पूछताछ के लिए समन भेजा था। बताया गया है कि तीनों पहले और दूसरे समन पर ईडी के समक्ष उपस्थित नहीं हुए।
एलबी सिंह के भाई और साले ने पहले एक-एक महीने का समय मांगा था। इसके बाद दोनों ने 20-20 दिन का अतिरिक्त समय मांगा। वहीं, आरती सिंह ने पहले समन पर 10 दिन का समय मांगा था। अब दूसरे समन के बाद भी उनके पेश नहीं होने से मामले में ईडी की अगली कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।