Ranchi News : जिले के सिल्ली थाना क्षेत्र के कोकालग्राम गांव में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां दो वर्षीय बच्ची ने खेल-खेल में घर में घुसे जहरीले करैत सांप को पकड़ लिया। कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में रिम्स रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार, कोकालग्राम निवासी संजय महतो की दो वर्षीय बेटी पूर्णिमा कुमारी घर के आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान एक विशाल करैत सांप घर में घुस आया। मासूम बच्ची ने अनजाने में सांप को पकड़ लिया और उसके साथ खेलने लगी।
परिजनों ने सांप को घड़े में बंद किया, बच्ची को रिम्स किया गया रेफर
बच्ची की मां की नजर जैसे ही उस पर पड़ी, उन्होंने शोर मचाकर परिवार के अन्य सदस्यों को बुलाया। परिजनों ने तत्काल बच्ची से सांप को अलग किया और सांप को पकड़कर एक घड़े में बंद कर दिया।
कुछ ही देर बाद बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और वह बेहोश हो गई। आनन-फानन में उसे सिल्ली अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया। फिलहाल बच्ची का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।