Ranchi News : नामकुम थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर युवक को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से एक लोडेड देसी कट्टा, जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस फरार दूसरे आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
जमीन विवाद में हुई थी फायरिंग, गुप्त सूचना पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, सामलौंग इलाके में मोहम्मद शमशेर को जमीन विवाद के चलते गोली मारी गई थी। जांच में सामने आया कि आरोपी मोहम्मद खालिद उर्फ खालिद बंगाली का शमशेर और उसके पिता सऊद आलम के साथ पहले से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद आरोपी फरार होकर गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा था।
वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि नामकुम क्षेत्र के कुटियातू स्थित आर्मी ग्राउंड के पास कुछ संदिग्ध लोग किसी बड़ी घटना की योजना बना रहे हैं। इसके बाद ग्रामीण एसपी के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। पुलिस को देखकर दो संदिग्ध भागने लगे, जिनमें से एक को पुलिस ने पीछा कर दबोच लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके पास से लोडेड देसी कट्टा, जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर फरार आरोपी की तलाश जारी है।