Ranchi News : झारखंड सशस्त्र पुलिस मुख्यालय ने पुलिस ट्रेड संवर्ग की सीमित विभागीय परीक्षा 2025 को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किया है। यह निर्देश उन चतुर्थवर्गीय कर्मियों के लिए जारी किया गया है, जिन्होंने अब तक अपना जाति प्रमाण पत्र या आरक्षण से जुड़े आवश्यक दस्तावेज जमा नहीं किए हैं। विभाग की ओर से करीब 500 अभ्यर्थियों की सूची भी जारी की गई है।पुलिस ट्रेड संवर्ग की सीमित विभागीय परीक्षा के लिए मुख्यालय ने पहले भी विभिन्न जिलों, इकाइयों और वाहिनियों से अभ्यर्थियों की सूची और जरूरी कागजात मांगे थे। बावजूद इसके कई जिलों और इकाइयों से अब तक आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए हैं।जारी निर्देश में संबंधित अधिकारियों को कहा गया है कि वे अपने यहां कार्यरत कर्मियों की सर्विसबुक से उनकी आरक्षण श्रेणी और जाति का मिलान करें। साथ ही सभी अभ्यर्थियों से नवीनतम जाति प्रमाण पत्र की फोटोकॉपी अनिवार्य रूप से जमा कराने को कहा गया है।
प्रमाण पत्र नहीं होने पर देना होगा घोषणा पत्र, कई जिलों को भेजा गया निर्देश
मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई अभ्यर्थी फिलहाल जाति प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं करा पाता है, तो उससे घोषणा पत्र लिया जाएगा। इस घोषणा पत्र में अभ्यर्थी को लिखित रूप से यह देना होगा कि भविष्य में वह आरक्षण का दावा नहीं करेगा।
यह निर्देश रांची, धनबाद, जमशेदपुर, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, चाईबासा, सरायकेला, गुमला, लोहरदगा, पलामू और लातेहार समेत कई जिलों के अधिकारियों तथा जैप की 1 से 10 तक की बटालियनों के कमांडेंट को भेजा गया है।
दस्तावेज के साथ उन कर्मियों की सूची भी संलग्न की गई है, जिनके कागजात लंबित हैं। सूची में कर्मियों के नाम, मोबाइल नंबर और रोल नंबर शामिल हैं। इनमें रसोइया, जलवाहक और अन्य चतुर्थवर्गीय कर्मचारी शामिल हैं, जो पदोन्नति या ट्रेड परिवर्तन के लिए इस परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।
पुलिस ट्रेड सीमित विभागीय परीक्षा समिति के सह-अध्यक्ष ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि दस्तावेज उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में देरी न हो और जल्द से जल्द आवश्यक जानकारी मुख्यालय को भेजी जाए, ताकि परीक्षा प्रक्रिया निर्धारित समय पर पूरी की जा सके।