Ranchi News : केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय के पुलिस-I डिवीजन ने सिविल सेवा परीक्षा 2024 के आधार पर भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के लिए चयनित अधिकारियों की कैडर आवंटन सूची जारी कर दी है। गृह मंत्रालय के अवर सचिव संजीव कुमार द्वारा एक जून को जारी अधिसूचना में देशभर के सफल अभ्यर्थियों को उनकी रैंक, श्रेणी और प्राथमिकताओं के आधार पर राज्य कैडर आवंटित किए गए हैं।
दो अधिकारी झारखंड के गृह राज्य से, चार अन्य राज्यों के अभ्यर्थियों को मिला झारखंड कैडर
जारी सूची के अनुसार झारखंड को छह नए आईपीएस अधिकारी मिले हैं। इससे राज्य की कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। झारखंड कैडर पाने वाले अधिकारियों में करन कुमार (रैंक 174, सामान्य श्रेणी), काबिल भार्गव (रैंक 122, सामान्य श्रेणी, दिल्ली), पुलकित बंसल (रैंक 155, सामान्य श्रेणी, दिल्ली), मानसी सिंह (रैंक 168, सामान्य श्रेणी, उत्तर प्रदेश), कर्मवीर नरवाडिया (रैंक 795, अनुसूचित जाति, राजस्थान) और सौरभ राजेंदु (रैंक 199, सामान्य श्रेणी, झारखंड) शामिल हैं।
झारखंड के राज कुमार महतो को मिला केरल कैडर, कुल 147 आईपीएस अधिकारियों का हुआ आवंटन
वहीं झारखंड के एक अन्य सफल अभ्यर्थी राज कुमार महतो को केरल कैडर आवंटित किया गया है। उनका गृह राज्य झारखंड है, लेकिन कैडर आवंटन नियमों के तहत उन्हें दूसरे राज्य में सेवा देनी होगी।
गृह मंत्रालय द्वारा जारी सूची के अनुसार इस वर्ष कुल 147 आईपीएस अधिकारियों का कैडर आवंटन किया गया है। इनमें सबसे अधिक आवंटन उत्तर प्रदेश, असम-मेघालय और पश्चिम बंगाल कैडर में हुआ है। वहीं शीर्ष रैंक हासिल करने वाले अभ्यर्थियों में बी शिवाचंद्रन को तमिलनाडु कैडर और वैभव सिंह को उत्तर प्रदेश कैडर आवंटित किया गया है।