Ranchi News : झारखंड पुलिस मुख्यालय ने राज्य के विभिन्न जिलों और इकाइयों में कार्यरत 150 पुलिस अधिकारियों को ACP और MACP योजना के तहत वित्तीय उन्नयन देने का आदेश जारी किया है। यह आदेश 18 मई 2026 को जारी किया गया।जानकारी के अनुसार, यह निर्णय 20 मार्च 2026 को हुई चयन पर्षद-सह-स्क्रीनिंग समिति की बैठक में लिया गया था। वित्त विभाग के नियमों के तहत 10, 20 और 30 वर्ष की नियमित सेवा पूरी करने वाले पुलिस अधिकारियों को उच्चतर वेतनमान का लाभ दिया गया है।
कई जिलों और विशेष इकाइयों के अधिकारियों को मिलेगा फायदा
इस फैसले का लाभ लातेहार, गढ़वा, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम समेत कई जिलों में तैनात पुलिस अधिकारियों को मिलेगा।
इसके अलावा रेल धनबाद, रेल जमशेदपुर, जंगल वारफेयर स्कूल नेतरहाट, सीटीओ मुसाबनी और जेजेए एसटीएफ रांची जैसी विशेष इकाइयों के कर्मियों को भी इसका लाभ मिलेगा।
लेवल-7 से लेवल-9 तक मिला वित्तीय उन्नयन, एरियर नहीं मिलेगा
आदेश के अनुसार कई अधिकारियों को लेवल-7, लेवल-8 और कुछ अधिकारियों को पीबी-2 ग्रेड पे 5400 यानी लेवल-9 में वित्तीय उन्नयन दिया गया है।
पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि वेतन निर्धारण का सत्यापन सक्षम प्राधिकारी से होने के बाद ही आर्थिक लाभ मिलेगा। साथ ही योजना लागू होने से पहले की अवधि का कोई एरियर देय नहीं होगा।
विभाग ने यह भी कहा है कि वित्तीय उन्नयन के बाद संबंधित अधिकारी सरकारी आवास, वाहन अग्रिम और अन्य सुविधाओं के लिए उच्चतर वेतनमान के आधार पर पात्र होंगे। आदेश की प्रति संबंधित पुलिस अधीक्षकों, महानिरीक्षकों और महालेखाकार को आगे की कार्रवाई के लिए भेज दी गई है।