Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-05-27

Ranchi News : झारखंड में गर्मी से जल्द राहत के आसार, कई जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट

Ranchi News : झारखंड में भीषण गर्मी के बीच मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम केंद्र रांची के अनुसार आने वाले 24 घंटों के बाद राज्य के अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।


पिछले 24 घंटों में डाल्टनगंज राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान दुमका में 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


कई जिलों में हुई बारिश


मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई। सबसे अधिक 16.0 मिमी बारिश पाकुड़ के पकुरिया में दर्ज की गई।

इसके अलावा आमरापाड़ा में 14.4 मिमी, महेशपुर में 8.6 मिमी, मेहगावां में 8.2 मिमी, बोआरीजोर में 6.4 मिमी और पत्थरगामा में 6.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

राज्य के प्रमुख शहरों में रांची और जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं चाईबासा में 41 डिग्री, सरायकेला में 40.9 डिग्री, बोकारो थर्मल में 40.5 डिग्री और लोहरदगा में 40.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।


28 मई को तेज हवा और वज्रपात का अलर्ट


मौसम विभाग ने 28 मई के लिए विशेष अलर्ट जारी किया है। पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की संभावना जताई गई है।

28 मई से 31 मई के बीच रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, रामगढ़, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, देवघर, गिरिडीह और धनबाद समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।


रांची में तापमान में आएगी गिरावट


राजधानी रांची में अगले कुछ दिनों तक आंशिक बादल छाए रहने और मेघ गर्जन के साथ बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार रांची का अधिकतम तापमान 27 मई को 37 डिग्री से घटकर 30 मई तक 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश से दक्षिण तटीय ओडिशा तक एक ट्रफ रेखा बनी हुई है। वहीं दूसरी ट्रफ रेखा उत्तर बिहार से दक्षिण तेलंगाना तक झारखंड और छत्तीसगढ़ से होकर गुजर रही है। इसी सिस्टम के प्रभाव से राज्य के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !