Ranchi News : झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान में तेजी आई है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि अब तक 50.06 प्रतिशत इन्यूमरेशन फॉर्म का डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि 96.68 प्रतिशत मतदाताओं तक बीएलओ घर-घर जाकर इन्यूमरेशन फॉर्म पहुंचा चुके हैं और अब केवल कुछ मतदाताओं तक ही फॉर्म पहुंचना बाकी है। राज्यभर में मतदाता लगातार अपने भरे हुए फॉर्म बीएलओ को जमा कर रहे हैं, जिनका तेजी से ऑनलाइन डिजिटाइजेशन भी किया जा रहा है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाता समय पर फॉर्म जमा कर रहे हैं, जबकि शहरी क्षेत्रों में अपेक्षित भागीदारी नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से युवा और शहरी मतदाताओं की कम भागीदारी चिंता का विषय है। नौकरी, पढ़ाई और पलायन के कारण कई मतदाता बीएलओ से संपर्क नहीं कर पा रहे हैं।
शहरी मतदाताओं की सुविधा के लिए 18 और 20 जुलाई को विशेष शिविर
इसी स्थिति को देखते हुए 18 और 20 जुलाई को राज्य के सभी शहरी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। ये शिविर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होंगे। जिन मतदाताओं ने अब तक SIR इन्यूमरेशन फॉर्म प्राप्त नहीं किया है या जमा नहीं किया है, वे शिविर में पहुंचकर फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं और वहीं भरकर जमा भी कर सकते हैं। हालांकि, जिन मतदाताओं ने पहले ही फॉर्म बीएलओ के पास जमा कर दिया है या ऑनलाइन आवेदन कर चुके हैं, उन्हें शिविर में आने की आवश्यकता नहीं होगी।
गलत जानकारी देना दंडनीय, विदेशी नागरिक फॉर्म लौटाएं
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि जिन लोगों ने भारतीय नागरिकता छोड़ दी है या विदेशी नागरिक बन चुके हैं, वे बिना भरे और बिना हस्ताक्षर किए अपना फॉर्म बीएलओ को वापस कर दें। उन्होंने चेतावनी दी कि फॉर्म में गलत जानकारी देकर घोषणा करना लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा-31 के तहत दंडनीय अपराध है।