Ranchi News : राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र में बड़ी कंपनियों में नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से ठगी करने वाले आरोपी देवाशीष मिश्रा को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी पर CCL, MECON और NTPC जैसी कंपनियों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने का आरोप है।पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी ईमेल आईडी बनाकर बेरोजगार युवाओं को नौकरी की “100 प्रतिशत गारंटी” देता था और उनसे मोटी रकम वसूलता था। शिकायत मिलने के बाद कांके थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में कबूला अपराध, फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। जांच में यह भी पता चला कि वह ठगी की रकम सीधे अपने खाते में नहीं मंगवाता था, बल्कि परिवार के सदस्यों के खातों में पैसे ट्रांसफर करवाता था, ताकि जांच एजेंसियों से बच सके। मामले में परिवार के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
सहायक पुलिस अधीक्षक साक्षी जमुआर ने कहा कि लोगों की गाढ़ी कमाई ठगने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है, जबकि मामले से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।