Ranchi News : जिला प्रशासन ने पंडरा क्षेत्र में संचालित एक अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटर पर बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान एक पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन भी जब्त की गई। आरोपियों के खिलाफ पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई, अल्ट्रासाउंड करते रंगे हाथ पकड़े गए आरोपी
यह कार्रवाई उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर की गई। प्रशासन को सूचना मिली थी कि रवि स्टील चौक, पंडरा के समीप एक मकान में अवैध रूप से अल्ट्रासाउंड सेंटर संचालित किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि होने के बाद असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रभात कुमार के निर्देश पर विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान टीम ने तीन लोगों को गर्भवती महिलाओं का अल्ट्रासाउंड करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। मौके से एक पोर्टेबल यूएसजी मशीन भी बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट, रातू थाना पुलिस, पीसी एंड पीएनडीटी सेल के कर्मी और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद थे।
तीन लोगों की हुई गिरफ्तारी, बिना पंजीकरण के चल रहा था सेंटर
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरंजन कुमार, आकाश कुमार और शीला कुमारी के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद तीनों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि अल्ट्रासाउंड मशीन का संचालन बिना वैध पंजीकरण के किया जा रहा था। अधिकारियों के अनुसार यह पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट का स्पष्ट उल्लंघन है। इस कानून के तहत भ्रूण के लिंग की जांच और लिंग निर्धारण पूरी तरह प्रतिबंधित है।
एफआईआर दर्ज करने का निर्देश, अवैध गतिविधियों पर सख्ती जारी
सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने रातू थाना प्रभारी को पत्र भेजकर तीनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया है। जब्त मशीन और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। मामले को आगे न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
सिविल सर्जन ने कहा कि राज्य में अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटर और लिंग निर्धारण जैसी गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।