Ranchi News : झारखंड हाई कोर्ट ने राज्य के पुलिस थानों में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाए जाने पर कड़ी नाराजगी जताई है। अदालत ने पुलिस महानिदेशक (DGP) से पूछा है कि हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद अब तक सभी थानों में सीसीटीवी कैमरे क्यों नहीं लगाए गए।
मुख्य सचिव और गृह सचिव को आदेशों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश
चीफ जस्टिस एम.एस. सोनक और जस्टिस राजेश शंकर की खंडपीठ ने कहा कि मुख्य सचिव और गृह सचिव को न्यायालय के आदेशों को गंभीरता से लेना चाहिए। अदालत ने चेतावनी दी कि यदि आदेशों की अनदेखी जारी रही तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अवमानना की कार्रवाई पर विचार किया जाएगा।
हिरासत में पिटाई के मामले की सुनवाई के दौरान उठा मुद्दा
यह मामला झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के पूर्व प्रत्याशी तरुण महतो की पुलिस हिरासत में कथित पिटाई से जुड़ा है। सुनवाई के दौरान राज्य सरकार मेडिकल ऑफिसर के खिलाफ की गई कार्रवाई की जानकारी अदालत को नहीं दे सकी, जिस पर कोर्ट ने असंतोष जताया। हाई कोर्ट ने डीजीपी को 27 जून तक तथा स्वास्थ्य विभाग को 29 जून तक अपना जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है। मामले की अगली सुनवाई 30 जुलाई को होगी।