Ranchi News : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने प्रशिक्षित माध्यमिक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा (JTMACCE-2025) की अंतिम उत्तर कुंजी जारी कर दी है। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अंतिम उत्तर कुंजी देख और डाउनलोड कर सकते हैं। आयोग ने अभ्यर्थियों द्वारा दर्ज कराई गई आपत्तियों की समीक्षा के बाद फाइनल आंसर-की प्रकाशित की है।
आपत्तियों के निस्तारण के बाद जारी हुई फाइनल आंसर-की
आयोग द्वारा पहले प्रोविजनल उत्तर कुंजी जारी की गई थी, जिस पर अभ्यर्थियों से निर्धारित अवधि में आपत्तियां मांगी गई थीं। विषय विशेषज्ञों की जांच के बाद सही पाए गए बिंदुओं को शामिल करते हुए अंतिम उत्तर कुंजी तैयार की गई है। इसके बाद अब अभ्यर्थियों को परिणाम जारी होने का इंतजार है।
यह परीक्षा राज्य में प्रशिक्षित माध्यमिक आचार्य (सेकेंडरी टीचर) के पदों पर नियुक्ति के लिए आयोजित की गई थी। परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने भाग लिया था और लंबे समय से अंतिम उत्तर कुंजी का इंतजार कर रहे थे।
जल्द जारी हो सकता है परीक्षा परिणाम
फाइनल आंसर-की जारी होने के बाद अब परिणाम घोषित करने की प्रक्रिया तेज होने की संभावना है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से नजर बनाए रखें ताकि परिणाम और आगे की चयन प्रक्रिया से संबंधित सूचनाएं समय पर प्राप्त हो सकें।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि अंतिम उत्तर कुंजी जारी होने के बाद उस पर किसी प्रकार की आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी और आगे की प्रक्रिया इसी के आधार पर संचालित की जाएगी।