Ranchi News : रांची विश्वविद्यालय अपने 67वें स्थापना दिवस के अवसर पर 10 से 12 जुलाई 2026 तक तीन दिवसीय समारोह आयोजित करेगा। समारोह को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में विश्वविद्यालय की उपलब्धियों के साथ झारखंड की कला, संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
10 जुलाई को आर्यभट्ट सभागार में "प्रारंभ" कार्यक्रम के साथ समारोह की शुरुआत होगी। इस दौरान अतिथियों का स्वागत किया जाएगा और "मैं हूं रांची विश्वविद्यालय" विषय पर विश्वविद्यालय की अब तक की विकास यात्रा को कोरियोग्राफी के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। कार्यक्रम में पुस्तक विमोचन के साथ कुलपति प्रो. सरोज शर्मा का संबोधन भी होगा।
सोहराई कला, वृक्षारोपण और सम्मान समारोह होंगे आकर्षण का केंद्र
11 जुलाई को समारोह के दूसरे दिन "कला दिवस" मनाया जाएगा। इस अवसर पर सोहराई कला पर विशेष चर्चा आयोजित होगी। साथ ही परफॉर्मिंग एंड फाइन आर्ट विभाग के छात्र-छात्राएं और शिक्षक विश्वविद्यालय के मुख्य प्रशासनिक भवन की चारदीवारी पर सोहराई पेंटिंग बनाकर झारखंड की पारंपरिक कला का प्रदर्शन करेंगे।
12 जुलाई को तीन दिवसीय समारोह का समापन होगा। अंतिम दिन मुख्य अतिथियों का संबोधन, पर्यावरण संरक्षण का संदेश, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की ओर से वृक्षारोपण अभियान तथा विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले लोगों का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।