Ranchi News : रांची विश्वविद्यालय के वाणिज्य विभाग में NET-JRF कोचिंग कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता विभागाध्यक्ष और डीन डॉ. अमर कुमार चौधरी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. आरआर शर्मा मौजूद रहे।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (NET) और जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) की तैयारी के लिए सही मार्गदर्शन प्रदान करना है। विभागाध्यक्ष डॉ. चौधरी ने कहा कि यह पहल छात्रों की शैक्षणिक और शोध क्षमता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री और नियमित कक्षाओं से बेहतर तैयारी पर जोर
मुख्य अतिथि डॉ. आरआर शर्मा ने छात्रों को निरंतर मेहनत और सही दिशा में तैयारी करने की सलाह दी और इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम में विभाग के डॉ. एमएन जुबैरि, डॉ. लाल आदित्य नाथ शाहदेव और डॉ. विकुमार ने कोचिंग के संचालन में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
उन्होंने छात्रों को गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री और नियमित कक्षाओं के माध्यम से बेहतर तैयारी कराने का भरोसा दिलाया। वहीं रिचा रत्ना प्रिया और अमित कुमार कार्यक्रम के संचालन के साथ-साथ छात्रों को पढ़ाने की जिम्मेदारी निभाएंगे। उन्होंने कोर्स की रूपरेखा, समय-सारणी और परीक्षा रणनीति की विस्तृत जानकारी भी दी।
यह पहल विश्वविद्यालय में शोध संस्कृति को मजबूत करने और अधिक छात्रों को NET-JRF जैसी राष्ट्रीय परीक्षाओं के लिए तैयार करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।