Ranchi News : रांची स्थित रिम्स से शनिवार को सामने आए आत्महत्या के प्रयास के मामले में दुखद अपडेट सामने आया है। एमबीबीएस छात्र अक्षित कुजूर की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद रिम्स परिसर में शोक का माहौल है।जानकारी के अनुसार अक्षित कुजूर रिम्स में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा था। बताया गया कि उसने हॉस्टल नंबर 8 के एचआईजी ब्लॉक स्थित अपने कमरे में फांसी लगा ली थी। घटना की जानकारी मिलते ही अन्य छात्रों और हॉस्टल प्रबंधन ने कमरे का दरवाजा तोड़कर उसे फंदे से नीचे उतारा।
वेंटिलेटर पर चल रहा था इलाज, पुलिस जांच में जुटी
गंभीर हालत में छात्र को तुरंत रिम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों की विशेष टीम उसका इलाज कर रही थी। उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई थी और उसे वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। हालांकि इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही डॉक्टर हरेंद्र बिरुआ ट्रॉमा सेंटर पहुंचे थे और डॉक्टरों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था। इस दौरान रिम्स के कई वरिष्ठ डॉक्टर और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
फिलहाल छात्र ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और पुलिस हॉस्टल में रहने वाले छात्रों तथा अक्षित के दोस्तों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।