Ranchi News : देशव्यापी जनगणना प्रक्रिया को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। झारखंड में भी जनगणना दो चरणों में कराई जाएगी। पहला चरण 1 मई से 15 मई तक चलेगा, जिसमें लोग खुद ऑनलाइन माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसे सेल्फ-एन्यूमरेशन नाम दिया गया है।
16 मई से घर-घर पहुंचेगी जनगणना टीम, 14 जून तक चलेगा दूसरा चरण
पहले चरण के बाद 16 मई से 14 जून तक दूसरा चरण शुरू होगा। इस दौरान प्रगणक घर-घर जाकर हाउस लिस्टिंग और हाउसिंग सेंसस का काम करेंगे। इस प्रक्रिया में परिवार के सदस्यों, आवास, सुविधाओं और सामाजिक-आर्थिक स्थिति से जुड़ी जानकारी जुटाई जाएगी। बताया गया है कि इस बार डिजिटल प्लेटफॉर्म और मोबाइल ऐप के जरिए भी डेटा संग्रह किया जाएगा।
76 हजार कर्मियों की तैनाती, 33 सवालों के जरिए जुटेगा डेटा
जनगणना कार्य के लिए झारखंड में 76 हजार से अधिक प्रगणक और पर्यवेक्षक लगाए जाएंगे। पहले चरण में 33 बिंदुओं पर जानकारी ली जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक लोगों से अपील की गई है कि वे सेल्फ-एन्यूमरेशन में सक्रिय भागीदारी करें और सही जानकारी दर्ज करें, ताकि जनगणना प्रक्रिया पारदर्शी और प्रभावी बन सके। नगर निगम क्षेत्रों में इसको लेकर विशेष तैयारी की गई है।