Saraikela: कपाली ओपी क्षेत्र में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया जब डोबो रोड स्थित पुड़ीसिल्ली पंप हाउस के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे और पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
नाले में पड़ा मिला शव
स्थानीय लोगों के अनुसार पंप हाउस के पास बहने वाले नाले में एक शव दिखाई दिया। वहां से गुजर रहे कुछ लोगों की नजर जब नाले में पड़े शव पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना कपाली ओपी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नाले से बाहर निकाला गया।
पहचान अभी तक नहीं हो सकी
कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि पहली नजर में ऐसा लगता है कि शव काफी समय से नाले में पड़ा हुआ था। मृतक ने जैकेट पहन रखा था, लेकिन शव की स्थिति खराब होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस कर रही है जांच
पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट की भी जांच कर रही है ताकि मृतक की पहचान की जा सके। इसके अलावा घटनास्थल के आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।
लगातार मिल रहे अज्ञात शव से बढ़ी चिंता
बता दें कि एक दिन पहले ही ईचागढ़ थाना क्षेत्र के पातकुम पुलिया के पास करकड़ी नदी किनारे एक बोरे में बंद अज्ञात युवक का शव मिला था। उस मामले में भी मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। लगातार दो दिनों में अलग-अलग इलाकों से अज्ञात शव मिलने की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी हुई है।