Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले की ईचागढ़ थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 किलोग्राम अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई दुमटांड से पातकुम जाने वाले मार्ग पर की गई। वहीं, आरोपी का एक साथी पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ईचागढ़ थाना क्षेत्र के दुमटांड-पातकुम मार्ग पर अफीम की खरीद-बिक्री होने वाली है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव प्रकाश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
पुलिस को देखकर भागने लगे बाइक सवार
छापेमारी टीम ने दुमटांड चौक से पातकुम जाने वाले मार्ग पर वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान नीले रंग की होंडा एसपी-125 मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति पुलिस को देखकर घबरा गए और बाइक मोड़कर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी मौके से फरार होने में सफल रहा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान घासीराम साव (48 वर्ष), निवासी बुरुहातु, थाना ईचागढ़ के रूप में हुई है।
अफीम, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और मोबाइल बरामद
पुलिस ने आरोपी की तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद पीले रंग के प्लास्टिक बोरे से 3 किलोग्राम अवैध अफीम, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, वीवो कंपनी का मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त होंडा एसपी-125 मोटरसाइकिल (JH22K 6165) बरामद की। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इन अधिकारियों ने की कार्रवाई
इस अभियान का नेतृत्व चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव प्रकाश कुमार ने किया। छापेमारी दल में ईचागढ़ थाना प्रभारी वरुण यादव, सहायक अवर निरीक्षक शशि भूषण सिंह मुंडा तथा सहायक अवर निरीक्षक सुरेश भगत सहित पुलिस बल के अन्य जवान शामिल थे। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।