Seraikela Crime News: सरायकेला-खरसावां जिले में कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आरआईटी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे पांच गैर-जमानतीय वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में बंतानगर निवासी विशाल कालिंदी (26 वर्ष) शामिल है, जो चोरी से जुड़े मामले में फरार चल रहा था। वहीं रायडीह बस्ती निवासी सिन्टु कुमार (24 वर्ष) और रितिक कुमार (23 वर्ष) को मारपीट एवं विवाद से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया गया है।
इसके अलावा रोड नंबर 13-14 निवासी नितेश कुमार (32 वर्ष) को चोरी के मामले में वारंटी होने पर पकड़ा गया। वहीं ईच्छापुर निवासी सोहन साहु (29 वर्ष) को उत्पाद अधिनियम से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने बताया कि गुप्त सूचना और तकनीकी सहायता के आधार पर सभी आरोपियों की लोकेशन का पता लगाकर अलग-अलग जगहों से गिरफ्तारी की गई। गिरफ्तारी के बाद सभी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में फरार वारंटियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर भी कार्रवाई की जा रही है।