Seraikela News: सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभागार में समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यप्रणाली, आधारभूत सुविधाओं, पोषण सेवाओं, ECCE गतिविधियों और विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी CDPO और महिला पर्यवेक्षिकाओं को नियमित क्षेत्र भ्रमण कर केंद्रों का निरीक्षण करने तथा उसी दिन रिपोर्ट जिला मुख्यालय भेजने का निर्देश दिया।
कुपोषित बच्चों की पहचान कर बेहतर उपचार सुनिश्चित करने पर जोर
बैठक में कुपोषित एवं अतिकुपोषित बच्चों की पहचान कर आवश्यकता अनुसार उन्हें पोषण पुनर्वास केंद्र (MTC) में भर्ती कराने और उनकी सतत निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को गुणवत्तापूर्ण पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
VHSND और स्वास्थ्य सेवाओं के बेहतर समन्वय पर फोकस
उपायुक्त ने सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में नियमित रूप से वीएचएसएनडी (VHSND) आयोजित करने का निर्देश दिया ताकि स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण और वजन मापन समय पर हो सके। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग और समाज कल्याण विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर लाभुकों तक योजनाओं का प्रभावी लाभ पहुंचाने की बात कही।
ECCE गतिविधियों और भवन निर्माण योजनाओं को मिलेगी गति
बैठक में खेल-खेल में शिक्षा और ECCE गतिविधियों के नियमित संचालन पर बल दिया गया। साथ ही निजी भवनों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए भूमि चिन्हित कर भवन निर्माण प्रस्ताव भेजने तथा जर्जर केंद्रों की मरम्मत की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, ताकि बच्चों को बेहतर वातावरण मिल सके।
किशोरियों और माताओं से जुड़ी योजनाओं के शत-प्रतिशत लाभ का लक्ष्य
उपायुक्त ने सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना में सभी पात्र किशोरियों को जोड़ने, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, विधवा पुनर्विवाह प्रोत्साहन योजना और प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही FRS आधारित डिजिटल सत्यापन, अपार आईडी, आभा आईडी निर्माण और पोषण ट्रैकर पर नियमित डेटा एंट्री में तेजी लाने पर जोर दिया गया।