Seraikela News: सरायकेला जिले में ओवरलोड बालू, कोयला और अन्य भारी वाहनों के संचालन को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. लोगों का कहना है कि लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन इसके बावजूद ओवरलोडिंग पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है. जर्जर सड़कों और भारी वाहनों के दबाव से हालात और खराब होते जा रहे हैं.
सड़क पर गिर रही सामग्री से बढ़ रहा दुर्घटना का खतरा
ग्रामीणों के अनुसार कई ओवरलोड वाहन चलते समय सड़क पर बालू, कोयला और अन्य सामग्री गिराते हुए गुजरते हैं. इससे सड़कों पर गंदगी और मलबा जमा हो रहा है, जिससे वाहन चालकों, खासकर दोपहिया सवारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. लोगों का कहना है कि सड़क पर फैली सामग्री के कारण दुर्घटना की आशंका हमेशा बनी रहती है.
कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद संबंधित विभाग और जिला परिवहन पदाधिकारी इस समस्या पर गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन से ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई, खराब सड़कों की मरम्मत और नियम तोड़ने वाले वाहन मालिकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे.