Seraikela News: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र के रहमत नगर वार्ड संख्या-15 में एक ही रात चोरी की दो घटनाओं से इलाके में दहशत फैल गई। अज्ञात चोरों ने एक बंद मकान का ताला तोड़कर नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया, जबकि पास के एक अन्य मकान से भी किराये के लिए रखी गई नकदी चोरी होने की जानकारी सामने आई है।
किराये के मकान से 32 हजार नकद और जेवरात चोरी
पीड़ित मोहम्मद अफ़ज़ल ने बताया कि उनका नया मकान निर्माणाधीन है, इसलिए घर का सामान पास के किराये के मकान में रखा गया था। गुरुवार रात पूरा परिवार नए मकान में सोया था। शुक्रवार सुबह किराये के मकान पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। चोर अलमारी और बक्सों के ताले तोड़कर सोने की बाली, अंगूठी, चांदी की पायल समेत करीब 40 से 45 हजार रुपये के जेवरात और 32 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
एक ही रात दो चोरियों से दहशत
घटना की सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अज्ञात चोरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है। लगातार हुई दो चोरियों से स्थानीय लोगों में दहशत के साथ पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग भी तेज हो गई है।