Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-19

Seraikela News: गम्हरिया के जंगल से अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव बरामद, इलाके में सनसनी

Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत इटागढ़ के जंगल से एक अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद गम्हरिया थाना पुलिस ने रातभर अभियान चलाकर शव को जंगल से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।जानकारी के अनुसार स्थानीय ग्रामीणों को जंगल की ओर से तेज दुर्गंध महसूस हुई। संदेह होने पर जब कुछ लोग जंगल के अंदर गए तो वहां एक शव पड़ा मिला। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना गम्हरिया थाना पुलिस को दी।

कीड़ों से भरा मिला शव, पहचान करना चुनौती
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई, लेकिन जंगल तक पहुंचने का रास्ता बेहद दुर्गम और कच्चा होने के कारण अभियान में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। बताया जाता है कि शव लाने के लिए पहुंचा पुलिस वाहन भी रास्ते में फंस गया। बाद में दूसरे वाहन और अतिरिक्त संसाधनों की मदद से पुलिस टीम आगे बढ़ सकी। पुलिस के अनुसार शव काफी पुराना हो चुका था। लाश पूरी तरह सड़-गल गई थी और उस पर कीड़े लग चुके थे। शव की स्थिति इतनी खराब थी कि उसकी पहचान करना भी मुश्किल हो रहा है। आसपास के क्षेत्र में तेज दुर्गंध फैलने के कारण ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली।

पहचान और मौत के कारणों की जांच जारी
पुलिस ने देर रात से शुरू हुए अभियान के बाद भोर करीब चार बजे शव को जंगल से बाहर निकालकर अपने कब्जे में लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस शव की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पहचान होने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

इलाके में चर्चा का विषय बनी घटना
जंगल में अज्ञात शव मिलने की घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !