Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल-मुरी रेलखंड पर झिमरी और हेसालोंग रेलवे स्टेशन के बीच गुरुवार को एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई. हादसा करारगामा गांव के पास रेलवे अंडरपास के समीप हुआ. मृतक की पहचान नीमडीह थाना क्षेत्र के हाइतिरूल गांव निवासी चैतन सिंह मुंडा उर्फ गुजरु के रूप में हुई है. चैतन तीन भाइयों में सबसे बड़ा था. उसकी मां विधवा हैं.
कुछ दिन पहले ही गांव लौटा था
बताया जा रहा हैं कि चैतन बाहर रहकर काम करता था. कुछ दिन पहले ही वह अपने गांव हाइतिरूल वापस आया था. गुरुवार को करारगामा गांव के पास रेलवे अंडरपास के समीप वह ट्रेन की चपेट में आ गया. स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी रेलवे पुलिस को दी. इसके बाद नीमडीह थाना पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई.
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चैतन किस ट्रेन की चपेट में आया और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है. चैतन की मौत की जानकारी गांव पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है.