Seraikela News: सरायकेला-खरसावां जिले के उपायुक्त नितीश कुमार सिंह को आदित्यपुर चुना भट्ठा निवासी जमुना लोहरा ने जमीन बंदोबस्ती से संबंधित मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा है. उन्होंने खाता संख्या 48 और प्लॉट संख्या 1424 की बंदोबस्ती कराने का अनुरोध किया है.
जमुना लोहरा के अनुसार उनके पति और पूर्वज वर्ष 1957 से इस जमीन पर निवास कर रहे हैं और यहीं कृषि कार्य तथा चुना भट्ठा के माध्यम से जीविका चला रहे हैं. उन्होंने बताया कि इस जमीन को लेकर पहले भी बीपीएल केस संख्या 36/78-79 दर्ज हुआ था, जिसमें राज्य बनाम देवीलाल लोहरा का मामला सामने आया था.
उन्होंने अंचल अधिकारी और अपर उपायुक्त के पत्रों का हवाला देते हुए कहा कि जमीन बंदोबस्ती के पक्ष में अनुशंसा की जा चुकी है. इसके बावजूद अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है.
जमुना लोहरा ने यह भी बताया कि आदित्यपुर नगर निगम द्वारा जारी ई-निविदा संख्या UDD/AMC/06/2025-26 के तहत 11 सितंबर 2025 को समूह संख्या 2 के लिए टेंडर निकाला गया था. उन्होंने इस टेंडर को रद्द करने की मांग करते हुए पहले भी आवेदन दिया था, लेकिन अब तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है.
ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने उपायुक्त से आग्रह किया है कि संबंधित जमीन की बंदोबस्ती सुनिश्चित की जाए और विवादित टेंडर को रद्द करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएं.