Seraikela: सरायकेला थाना पुलिस ने महिला पर जानलेवा हमला करने के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड और बिजली का तार भी बरामद किया है।
लोहे की रॉड से हमला, गला घोंटने का भी आरोप
पुलिस के अनुसार, सीनी ओपी क्षेत्र के स्वर्णपुर गांव की रहने वाली महिला ने 14 जुलाई को शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि उसके पति सोमरा हेंब्रम ने घरेलू विवाद के दौरान लोहे की रॉड से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद बिजली के तार से गला घोंटकर उसकी हत्या करने का भी प्रयास किया गया।
विशेष टीम ने की त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी और पारंपरिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर करीब एक मीटर लंबी लोहे की रॉड और बिजली का तार बरामद किया गया, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।