Seraikela: आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को सरायकेला के कपाली ओपी पुलिस ने जुलूस मार्ग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जुलूस रूट की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई। कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पूरे जुलूस मार्ग का भ्रमण किया। इस दौरान रास्ते में पड़ने वाले संवेदनशील स्थानों, संकरी गलियों, बिजली के तारों और सड़क की स्थिति का जायजा लिया गया। निरीक्षण के समय स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं शांति समिति के सदस्य भी मौजूद रहे।
व्यवस्था को लेकर दिए गए आवश्यक निर्देश
ओपी प्रभारी ने बताया कि मुहर्रम जुलूस के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। निरीक्षण के दौरान जहां-जहां छोटी-मोटी समस्याएं नजर आईं, उन्हें समय रहते दूर करने के लिए संबंधित विभागों को अवगत कराने की बात कही गई। साथ ही पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था और अन्य सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी तैयारी की जा रही है। पुलिस ने क्षेत्र के लोगों से मुहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाने की अपील की है। साथ ही अफवाहों से बचने और सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा नहीं करने की सलाह दी गई है।
नियमों का पालन करने का अनुरोध
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जुलूस के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करना आवश्यक होगा। किसी भी तरह की सूचना या समस्या होने पर तत्काल कपाली ओपी को जानकारी देने की अपील की गई है। प्रशासन ने कहा कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी का सहयोग जरूरी है।