Seraikela News: सरायकेला खरसावां के उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह ने बुधवार को राजनगर प्रखंड के हेरमा पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय हाथीसिरिंग और उत्क्रमित उच्च विद्यालय किता का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने शैक्षणिक व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेकर आवश्यक निर्देश दिए.
निरीक्षण के दौरान कक्षा संचालन, उपस्थिति पंजी, मध्यान्ह भोजन, स्वच्छता, रसोईघर, पेयजल और शौचालय की व्यवस्था की जांच की गई. शिक्षकों को नियमित और गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई कराने, गतिविधि आधारित शिक्षा देने और बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने पर जोर दिया गया.
उपायुक्त ने विद्यार्थियों से संवाद कर पढ़ाई, भोजन और सुविधाओं की जानकारी ली. उन्होंने बच्चों को अनुशासन, स्वच्छता और खेलकूद सहित अन्य गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया, वहीं शिक्षकों को कमजोर छात्रों पर विशेष ध्यान देने को कहा.
हाथीसिरिंग स्कूल के रसोईघर में लकड़ी से खाना बनता मिलने पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल गैस की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही स्कूल परिसर और रसोई में साफ सफाई और सुरक्षा मानकों का पालन करने को कहा गया.
इस दौरान ग्रामीणों ने स्कूल में शिक्षकों की कमी की शिकायत की. उपायुक्त ने भरोसा दिया कि जरूरत के अनुसार शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी. निरीक्षण के समय संबंधित प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे.