Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र में JSSC में नौकरी दिलाने के नाम पर कथित रूप से पैसे मांगने वाले एक व्यक्ति को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। फिलहाल चौका थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पूर्व पंचायत समिति सदस्य गुरुचरण साव ने बताया कि उनकी भांजी JSSC सहायक आचार्य प्रतियोगी परीक्षा में सफल हुई है और उसका नाम पहली सूची में आ चुका है। आरोप है कि इसी दौरान एक व्यक्ति ने खुद को JSSC से जुड़ा बताते हुए उनकी भांजी से संपर्क किया और दूसरी सूची में नाम शामिल कराने के बदले 10 लाख रुपये की मांग की।
गुरुचरण साव के अनुसार, उन्होंने स्वयं उस व्यक्ति से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी लेने की कोशिश की। पहले कथित दलाल ने उन्हें रांची बुलाया, लेकिन जब उन्होंने वहां जाने से इनकार किया तो वह खुद चौका पहुंच गया।
ओरिजिनल दस्तावेज और ब्लैंक चेक मांगने का आरोप
गुरुचरण साव का आरोप है कि मुलाकात के दौरान कथित दलाल ने कई अभ्यर्थियों के मूल प्रमाणपत्र और ब्लैंक चेक दिखाते हुए कहा कि नौकरी पाने के लिए अभ्यर्थियों को अपने सभी मूल दस्तावेज और दो ब्लैंक चेक जमा करने होंगे। उन्होंने यह भी दावा किया कि पूछताछ के दौरान कथित दलाल ने इस पूरे खेल में कई लोगों के शामिल होने की बात कही।
पुलिस जांच में जुटी
इसके बाद गुरुचरण साव ने चौका पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से कथित दलाल को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। हालांकि, इस मामले में अब तक पुलिस या JSSC की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। फिलहाल मामला आरोपों के आधार पर सामने आया है और इसकी सत्यता की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।