Simdega Crime News: सिमडेगा पुलिस ने एक बार फिर मानव तस्करों के मंसूबों पर पानी फेरते हुए तीन नाबालिग बच्चियों को उनके चंगुल से सुरक्षित बाहर निकाल लिया है. पुलिस ने इस मामले में एक अंतरराज्यीय तस्कर और एक स्थानीय महिला सहयोगी को गिरफ्तार किया है, जो इन बच्चियों को महानगर ले जाने की फिराक में थे.
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
मुख्यालय डीएसपी रणवीर सिंह ने बताया कि सिमडेगा एसपी को पुख्ता जानकारी मिली थी कि जिले के ग्रामीण इलाके से तीन नाबालिग बच्चियों को तस्करी कर राज्य से बाहर ले जाया जा रहा है. सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर मानव तस्करी रोधी इकाई (AHTU) और मुफस्सिल थाना की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया. पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर तत्काल छापेमारी कर तीनों बच्चियों को रेस्क्यू किया.
यूपी का तस्कर और स्थानीय महिला गिरफ्तार
पुलिस की इस कार्रवाई में दो आरोपियों को दबोचा गया है. इनमें एक आरोपी अमित गुप्ता उत्तर प्रदेश का रहने वाला है, जबकि दूसरी आरोपी देवसनी कुमारी स्थानीय है. पुलिस के अनुसार, देवसनी बच्चियों को बहला-फुसलाकर तस्करों के हवाले करने का काम कर रही थी. तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से मोबाइल फोन और लंबी दूरी की ट्रेनों के रेलवे टिकट बरामद किए गए हैं, जो इस बात का सबूत हैं कि बच्चियों को महानगर ले जाने की पूरी तैयारी हो चुकी थी.
सुरक्षित स्थान पर भेजी गई बच्चियां, जांच जारी
रेस्क्यू की गई तीनों बच्चियों को फिलहाल बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष पेश कर सुरक्षित आश्रय गृह भेज दिया गया है. वहीं, गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस गिरोह के तार और किन-किन राज्यों से जुड़े हैं और क्या पूर्व में भी इन्होंने सिमडेगा से बच्चियों की तस्करी की है.