Stock Market Twist: गुरुवार का दिन भारतीय शेयर बाजार के लिए किसी पहेली से कम नहीं रहा। सुबह बाजार ने तेज रफ्तार के साथ शुरुआत की जिससे लगा कि दिनभर हरियाली छाई रहेगी। लेकिन दोपहर होते-होते मुनाफावसूली का दबाव बढ़ गया, जिससे बाजार की चाल धीमी पड़ गई।
सेंसेक्स-निफ्टी लाल निशान में बंद
दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद अंत में सेंसेक्स 122 अंक 0.16 फीसदी गिरकर 77,988 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 34 अंक 0.14 फीसदी फिसलकर 24,196 के स्तर पर पहुंच गया। शुरुआती तेजी के बावजूद बाजार अंत में लाल निशान में बंद हुआ।
निवेशकों की झोली में ₹2.28 लाख करोड़ का फायदा
इंडेक्स भले ही गिरावट में बंद हुए, लेकिन निवेशकों के लिए दिन फायदे का रहा। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप 458.55 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 460.83 लाख करोड़ रुपये हो गया, जिससे निवेशकों को करीब ₹2.28 लाख करोड़ का लाभ मिला।
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों ने संभाली कमान
आज की तेजी में छोटे शेयरों का बड़ा योगदान रहा। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 0.6 फीसदी और स्मॉलकैप इंडेक्स करीब 1 फीसदी उछल के साथ बंद हुए। सेक्टोरल आधार पर IT, मेटल और कैपिटल गुड्स में खरीदारी दिखी, जबकि ऑटो, बैंकिंग और ऑयल एंड गैस शेयरों ने दबाव बनाया।
ट्रेंट बना टॉप गेनर, HDFC बैंक में गिरावट
सेंसेक्स के शेयरों में ट्रेंट 2.81 फीसदी की बढ़त के साथ टॉप गेनर रहा। इसके अलावा अदाणी पोर्ट्स, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स (BEL) और इंफोसिस में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिली। वहीं, HDFC बैंक में 1.75 फीसदी की गिरावट रही और टाइटन, महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारती एयरटेल और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर भी दबाव में रहे। कुल मिलाकर, 2809 शेयरों में तेजी और 163 शेयरों के 52 वीक हाई पर पहुंचने से बाजार का ओवरऑल मूड पॉजिटिव बना रहा।