T20 World Cup: टी20 विश्व कप से खुद को अलग करने की अटकलों पर पाकिस्तान ने आखिरकार विराम लगा दिया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने टीम की रवानगी का आधिकारिक कार्यक्रम जारी कर दिया, जिससे यह लगभग साफ हो गया है कि पाकिस्तान टूर्नामेंट में हिस्सा लेने जा रहा है। तय कार्यक्रम के अनुसार, पाकिस्तानी टीम 2 फरवरी को श्रीलंका की राजधानी कोलंबो के लिए रवाना होगी।
15 फरवरी को कोलंबो में आयोजित होगा मैच
बता दें कि भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से चले आ रहे मतभेदों को देखते हुए आईसीसी ने इस टूर्नामेंट के लिए हाइब्रिड मॉडल को मंजूरी दी थी। इस मॉडल के तहत पाकिस्तान अपने सभी मुकाबले श्रीलंका में खेलेगा। दोनों देशों के बीच बहुप्रतीक्षित भारत-पाकिस्तान मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो में आयोजित किया जाएगा, जिस पर दुनियाभर के क्रिकेट प्रशंसकों की निगाहें टिकी होंगी।
विश्व कप के बहिष्कार की अटकलें थी तेज
दरअसल, जब आईसीसी ने बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल करने का फैसला लिया, तभी से पाकिस्तान की ओर से विश्व कप के बहिष्कार की अटकलें तेज हो गई थीं। पाकिस्तान लगातार इस फैसले को लेकर नाराजगी जता रहा था और अलग-अलग मंचों से यह संकेत दिए जा रहे थे कि वह टूर्नामेंट से हटने जैसे कठोर कदम पर भी विचार कर सकता है।
पीसीबी प्रमुख मोहसिन नकवी ने इस दौरान एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ कहा था कि बोर्ड ने सभी विकल्प खुले रखे हैं और अंतिम फैसला प्रधानमंत्री से बातचीत के बाद ही लिया जाएगा। उनके इस बयान के बाद कयास और भी तेज हो गए थे कि पाकिस्तान शायद विश्व कप से दूरी बना सकता है।
कोई ठोस कदम उठाने की स्थिति में नहीं
हालांकि अब ताजा जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तान ने विश्व कप को लेकर अपनी यात्रा और अन्य सभी लॉजिस्टिक तैयारियां पूरी कर ली हैं। पीसीबी ने बांग्लादेश की टीम के भारत में खेलने को लेकर उठाई गई सुरक्षा चिंताओं का समर्थन जरूर किया है, लेकिन साथ ही यह भी स्पष्ट किया है कि इस मुद्दे पर वह आगे कोई ठोस कदम उठाने की स्थिति में नहीं है।
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री से चर्चा के बाद यह निष्कर्ष निकाला गया कि पाकिस्तान के पास टूर्नामेंट का बहिष्कार करने के लिए कोई मजबूत आधार नहीं है। जब पहले से ही यह तय है कि पाकिस्तान अपने सभी मुकाबले श्रीलंका में खेलेगा और अगर वह फाइनल में भी पहुंचता है तो खिताबी मुकाबला भी कोलंबो में ही होगा, तो ऐसे में टूर्नामेंट से हटने का तर्क कमजोर पड़ जाता है।
टी20 विश्व कप में में पाकिस्तान की भागीदारी की होगी घोषणा
इन्हीं कारणों को ध्यान में रखते हुए अब यह लगभग तय माना जा रहा है कि शुक्रवार को पाकिस्तान औपचारिक रूप से टी20 विश्व कप में अपनी भागीदारी की घोषणा कर देगा। इस फैसले से न सिर्फ क्रिकेट प्रशंसकों को राहत मिली है, बल्कि भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर बना उत्साह भी और बढ़ गया है।