TMC Vs BJP: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी माहौल लगातार गरमाता जा रहा है. आरोप-प्रत्यारोप अब सिर्फ राजनीतिक नहीं रहे, बल्कि व्यक्तिगत और संवेदनशील मुद्दों तक पहुंच चुके हैं. तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच बयानबाजी का विवाद अब चुनाव आयोग तक जा पहुंचा है, जिससे राज्य की राजनीति में तनाव और बढ़ गया है.
टीएमसी का आरोप भाजपा कर रही ममता के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल
कल्याण बनर्जी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को शिकायत भेजकर भाजपा उम्मीदवार के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि पानीहाटी सीट से भाजपा प्रत्याशी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक, धमकी भरे और अपमानजनक बयान दिए हैं.
कल्याण बनर्जी ने यह भी दावा किया कि कुछ टिप्पणियां ऐसी थीं, जो सीधे तौर पर उनकी सुरक्षा को खतरे में डाल सकती हैं. उन्होंने इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए गंभीर खतरा बताते हुए आयोग से तत्काल हस्तक्षेप और कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
भाजपा का पलटवार, टीएमसी कर रही गृह मंत्री के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग
TMC की शिकायत के कुछ ही घंटों के भीतर भारतीय जनता पार्टी ने भी चुनाव अधिकारियों के सामने जवाबी शिकायत दर्ज कराई. भाजपा ने आरोप लगाया कि कल्याण बनर्जी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ अपमानजनक और उकसाने वाली टिप्पणी की है. पार्टी ने एक वीडियो क्लिप भी सबूत के तौर पर पेश करते हुए कहा कि यह बयानबाजी कोई एक घटना नहीं, बल्कि एक पैटर्न का हिस्सा है, जिसका मकसद चुनावी माहौल को भड़काना और ध्रुवीकरण बढ़ाना है.
आखिर क्यों है बहस का केंद पानीहाटी सीट
इस पूरे विवाद के केंद्र में पानीहाटी सीट है, जो इस बार एक बड़े कारण से सुर्खियों में है.भाजपा ने यहां उस महिला को उम्मीदवार बनाया है, जो पिछले साल आरजी कर मेडिकल कॉलेज से जुड़े दुष्कर्म और हत्या मामले की पीड़िता की मां हैं. भाजपा इस मुद्दे को राज्य में महिलाओं की सुरक्षा और न्याय की विफलता के प्रतीक के रूप में पेश कर रही है. वहीं, TMC का आरोप है कि भाजपा इस व्यक्तिगत त्रासदी का राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश कर रही है और शोकग्रस्त परिवार को चुनावी हथियार बना रही है, ताकि चुनाव के रुख अपने जीत की और मोड़ पाएं.
बंगाल की सियासत इस समय बेहद संवेदनशील दौर से गुजर रही है, जहां हर मुद्दा चुनावी रणनीति का हिस्सा बनता नजर आ रहा है. अब नजर चुनाव आयोग पर है कि वह इस बढ़ती बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप पर किस तरह की कार्रवाई करता है.