West Bengal Big News: दक्षिण कोलकाता के अलीपुर स्थित एक बहुमंजिला सरकारी भवन में बुधवार को लगी भीषण आग में लगभग 4,000 इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनें (ईवीएम) जलकर नष्ट हो गईं। राज्य के अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा राज्यमंत्री कौशिक चौधरी ने गुरुवार को घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद इस नुकसान की पुष्टि की।
4,000 ईवीएम नष्ट, साजिश के एंगल पर जांच
मंत्री ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह सामान्य आग नहीं लगती और मामले में साजिश की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने बताया कि नष्ट हुई ईवीएम मशीनों का इस्तेमाल हाल ही में संपन्न बंगाल विधानसभा चुनाव में 10 विधानसभा क्षेत्रों में किया गया था।
कौशिक चौधरी के अनुसार आग की शुरुआत दूसरी और तीसरी मंजिल पर हुई थी, लेकिन बाद में यह सातवीं, आठवीं, नौवीं और दसवीं मंजिल तक फैल गई। इस अग्निकांड में कई महत्वपूर्ण सरकारी फाइलें, दस्तावेज और अभिलेख भी जलकर खाक हो गए।
आग के फैलने के पैटर्न पर उठे सवाल, फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार
मंत्री ने आग के फैलने के तरीके पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि आग निचली मंजिलों से शुरू हुई थी तो चौथी, पांचवीं और छठी मंजिल अपेक्षाकृत कम प्रभावित कैसे रहीं। इस पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
अलीपुर स्थित इस सरकारी भवन में दक्षिण 24 परगना जिला परिषद कार्यालय समेत कई सरकारी विभाग संचालित होते हैं। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की 15 गाड़ियों को कई घंटों तक मशक्कत करनी पड़ी। गुरुवार सुबह भी भवन के कुछ हिस्सों में सुलगती आग की आशंका के चलते कूलिंग ऑपरेशन जारी रहा।
एफआईआर दर्ज, अग्निकांड पर तेज हुई सियासत
घटना के संबंध में दक्षिण 24 परगना जिला प्रशासन की ओर से अलीपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक विशेषज्ञ जल्द घटनास्थल का निरीक्षण करेंगे। वहीं, इस मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है, हालांकि पुलिस ने कहा है कि किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जाएगा।