Jamshedpur Crime News: टेल्को थाना क्षेत्र में खड़काई रोड के पास झाड़ियों से युवक का शव मिलने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. इस हत्या में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि एक आरोपी अब भी फरार है. गिरफ्तार आरोपियों में ऋषि दलई, जसबीर सिंह उर्फ जस्सु और लवप्रीत सिंह गिल शामिल हैं.
24 घंटे के भीतर मामले का उदभेदन
आपको बता दें कि टेल्को थाना क्षेत्र के खड़काई रोड के पास बाउंड्री वॉल के भीतर झाड़ियों में एक युवक सोहेल अली की निर्मम हत्या कर दी गई थी. घटना चार जनवरी की संध्या की बताई जा रही है. हत्या की सूचना के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर मामले का उदभेदन कर लिया. जांच के दौरान हत्या में शामिल चार आरोपियों की पहचान की गई. इनमें से तीन आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि एक आरोपी की तलाश जारी है.
मृतक और आरोपी एक दूसरे को पहले से जानते थे
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपी एक दूसरे को पहले से जानते थे. सभी एक साथ मादक पदार्थों का सेवन करते थे. कुछ समय पहले मृतक ने आरोपियों को जुगसलाई बुलाकर उनके साथ मारपीट की थी. इसी दौरान मादक पदार्थों के सेवन के समय मृतक का मोबाइल फोन खो गया था. मृतक को शक था कि आरोपियों ने ही उसका मोबाइल चोरी किया है.
घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद
मोबाइल वापस करने को लेकर मृतक आरोपियों को लगातार गाली गलौज कर रहा था और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दे रहा था. इसी रंजिश को लेकर आरोपियों ने बदला लेने की योजना बनाई. योजना के तहत मृतक को टेल्को थाना क्षेत्र के खड़काई रोड के पास बाउंड्री वाल के भीतर ले जाया गया और वहां धारदार हथियारों से उसकी निर्मम हत्या कर दी गई. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिए हैं. इनमें एक स्टील का चाइना चापड़ एक लोहे का धारदार दाब और एक फरसानुमा धारदार हथियार शामिल है. इसके अलावा घटना के समय पहने गए खून लगे कपड़े घटनास्थल से खून लगी मिट्टी और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है.
सामाजिक स्तर पर नशे और अपराध के बढ़ते खतरे पर गंभीर सवाल
फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा. यह मामला नशे और आपसी रंजिश के खतरनाक परिणामों को उजागर करता है. मामूली विवाद और शक ने एक युवक की जान ले ली. पुलिस की त्वरित कार्रवाई से घटना का जल्द खुलासा हुआ है लेकिन यह घटना सामाजिक स्तर पर नशे और अपराध के बढ़ते खतरे पर गंभीर सवाल खड़े करती है.