Jharkhand News: नववर्ष के अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से प्रशासनिक और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने शिष्टाचार मुलाकात की. कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हुई इस भेंट के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को नववर्ष 2026 की शुभकामनाएं दीं. मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सभी अधिकारियों का स्वागत करते हुए नववर्ष की बधाई के लिए आभार व्यक्त किया.
नया वर्ष नई ऊर्जा, नए संकल्प और नए अवसर
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि नया वर्ष नई ऊर्जा, नए संकल्प और नए अवसर लेकर आता है. उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच और मजबूत प्रतिबद्धता के साथ सभी को राज्य के सर्वांगीण विकास में अपनी भूमिका निभानी होगी. मुख्यमंत्री के अनुसार वर्ष 2026 झारखंड की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित होगा.
झारखंड को देश के अग्रणी राज्यों की कतार में खड़ा करना मकसद
उन्होंने कहा कि शासन प्रशासन और जनता के सहयोग से यह वर्ष झारखंड को देश के अग्रणी राज्यों की कतार में खड़ा करने की दिशा में अहम साबित होगा. मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों से सरकार की विकास योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने का आह्वान किया. साथ ही उन्होंने राज्यवासियों के लिए सुख, समृद्धि, उन्नति और खुशहाली की कामना की.
कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मिले मुख्यमंत्री से
इस दौरान मुख्यमंत्री से मिलने वालों में कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी शामिल रहे. इनमें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अमरेंद्र प्रताप सिंह, जेएसएलपीएस के सीईओ अनन्य मित्तल, अपर सचिव उद्योग प्रीति रानी, अपर सचिव वित्त धनंजय सिंह, अपर सचिव स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता सीता पुष्पा, निदेशक सामाजिक सुरक्षा विजय कुमार सिंह, उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम कर्ण सत्यार्थी, उपायुक्त सरायकेला खरसावां नीतीश कुमार सिंह, उपायुक्त कोडरमा ऋतुराज सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे.
पुलिस विभाग के भी कई अधिकारीयों ने मुख्यमंत्री से भेंट
पुलिस विभाग की ओर से भी कई वरिष्ठ अधिकारी मुख्यमंत्री से मिले. इनमें डीजी होमगार्ड एम एस भाटिया, डीआईजी दुमका अमर लकड़ा, एसपी लोहरदगा सादिक अनवर रिजवी, एसपी सरायकेला खरसावां मुकेश कुमार लुनायत, एसपी गोड्डा मुकेश कुमार, एसपी गुमला हारिश बिन जमां, एसपी खूंटी मनीष टोप्पो, एसपी ट्रेनिंग सेंटर मुसाबनी विजय आशीष कुजूर समेत अन्य अधिकारी शामिल रहे.
यह मुलाकात केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रही, बल्कि आने वाले वर्ष में झारखंड के विकास को लेकर सामूहिक संकल्प और एकजुटता का संदेश भी देती नजर आई. राज्य सरकार के अनुसार झारखंड अब विकास की तेज रफ्तार के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है.
सरकार 2026 को विकास के निर्णायक वर्ष के रूप में देख रही
मुख्यमंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों की यह मुलाकात संकेत देती है कि सरकार 2026 को विकास के निर्णायक वर्ष के रूप में देख रही है. प्रशासन और पुलिस तंत्र की साझा प्रतिबद्धता यह दर्शाती है कि योजनाओं के क्रियान्वयन और जनसरोकार पर विशेष जोर रहेगा. यदि यही समन्वय जमीन पर दिखा, तो झारखंड के लिए यह वर्ष वास्तव में बदलाव का वर्ष साबित हो सकता है.