Seraikela News: सरायकेला में उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में कृषि एवं सम्बद्ध विभागों के अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, निदेशक, डीआरडीए अजय तिर्की, जिला योजना पदाधिकारी सोनी कुमारी, जिला कृषि पदाधिकारी नीलकमल, जिला मत्स्य पदाधिकारी रौशन कुमार, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला गव्य विकास पदाधिकारी, भूमि संरक्षण पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
उपायुक्त ने विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्धारित लक्ष्यों के विरुद्ध सभी योजनाओं का समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी पात्र किसान अथवा लाभुक किसी भी योजना के लाभ से वंचित न रहे, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सतत अनुश्रवण एवं नियमित समीक्षा सुनिश्चित करें।
किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) पंजीकरण और अन्य योजनाओं की समीक्षा
उपायुक्त ने किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) पंजीकरण, मुख्यमंत्री कृषि ऋण माफी योजना अंतर्गत शेष लाभुकों का e-KYC, गुणवत्तापूर्ण बीज वितरण, डीप बोरिंग एवं तालाब जीर्णोद्धार, कृषि सहायक उपकरणों का वितरण, पशुधन विकास योजनाओं का लाभ, फसल बीमा योजनाओं में पात्र किसानों का आच्छादन तथा अन्य कृषि-सम्बद्ध योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित प्रक्रिया एवं समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।