Jharkhand: झारखंड में ठंड ने इस बार सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। राज्य के कई इलाकों में तापमान शिमला और कश्मीर जैसे पहाड़ी शहरों से भी नीचे चला गया है। गुरुवार को रांची के मैकलुस्कीगंज स्थित लिटिल स्टार अकादमी परिसर में न्यूनतम तापमान माइनस 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय घास पर ओस की बूंदें बर्फ की तरह जमी दिखाई दीं, जिससे इलाका पूरी तरह शीतलहर की चपेट में नजर आया।
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन सख्त
मौसम केंद्र द्वारा भारी ठंड और शीतलहर को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद रांची जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाते हुए सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी स्कूलों में केजी से 12वीं तक की कक्षाएं 9 और 10 जनवरी तक स्थगित कर दी हैं। हालांकि, जिन स्कूलों में पहले से परीक्षाएं निर्धारित हैं, उन्हें परीक्षा आयोजित करने की अनुमति दी गई है।
चार जिलों में पारा चार डिग्री से नीचे
गुरुवार को राज्य के चार जिलों में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस से भी कम दर्ज किया गया। हजारीबाग में तापमान 2.9 डिग्री, खूंटी में 3.2 डिग्री, मेदिनीनगर में 3.4 डिग्री और लोहरदगा में 3.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
12 जिलों में शीतलहर की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार और शनिवार को राज्य के 12 जिलों में शीतलहर चलने की संभावना है। इनमें रांची, गढ़वा, पलामू, लातेहार, हजारीबाग, चतरा, लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो, गुमला, खूंटी और सिमडेगा शामिल हैं। विभाग ने संकेत दिया है कि शनिवार तक कड़ाके की ठंड बनी रह सकती है, इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी संभव है।
मैकलुस्कीगंज सबसे ठंडा इलाका
मैकलुस्कीगंज के गोर्डन गेस्ट हाउस में न्यूनतम तापमान माइनस 2 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि राणा कॉटेज में यह माइनस 0.9 डिग्री रहा। वहीं रांची के कांके क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं गुरुवार को हवा की रफ्तार 1.8 किलोमीटर प्रति घंटे रही, जिससे ठिठुरन और वो ज्यादा महसूस हुई।
राज्यभर में तापमान छह से आठ डिग्री के बीच
राज्य के अधिकतर हिस्सों में न्यूनतम तापमान छह से आठ डिग्री के आसपास बना हुआ है। रांची का न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री रहा, जबकि सरायकेला में 5.4, सिमडेगा और बोकारो में 5.5 डिग्री दर्ज किया गया। कुल मिलाकर राज्य के 12 जिलों में तापमान 8 डिग्री से नीचे चल रहा है।
पुराने हिल स्टेशनों जैसी ठंड का एहसास
झारखंड की मौजूदा ठंड ने पुराने हिल स्टेशनों की याद ताजा कर दी है। कभी बिहार की शिमला कहलाने वाली रांची में लगातार कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। हजारीबाग, जो पहले ठंडे शहरों में गिना जाता था, वहां भी पुराने दिनों जैसी ठंड लौट आई है। लातेहार का नेतरहाट, गुमला और सिमडेगा जैसे इलाके भी अपने ठंडे तेवर दिखा रहे हैं।
यदि उत्तर भारत के प्रमुख ठंडे शहरों से तुलना करें, तो गुरुवार को जम्मू में न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री, शिमला एयरपोर्ट पर 4.0, शिमला शहर में 2.2, कुल्लू में 1.4, धर्मशाला में 3.4 और कटरा में 4.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जिलों का न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
हजारीबाग: 2.9
खूंटी: 3.2
मेदिनीनगर: 3.4
लोहरदगा: 3.6
सरायकेला: 5.4
सिमडेगा: 5.5
बोकारो: 5.5
चाईबासा: 6.4
लातेहार: 7.6
पाकुड़: 8.0
कोडरमा: 8.0
रांची: 8.0
जमशेदपुर: 8.4
देवघर: 9.8