Railway Updates: आध्यात्मिक नगरी काशी (वाराणसी) और बाबा वैद्यनाथधाम (देवघर) के साथ-साथ महानगर कोलकाता (सियालदह) को एक सूत्र में जोड़ने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही बनारस–सियालदह अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। यह नई ट्रेन न केवल यात्रियों की सुविधा में वृद्धि करेगी, बल्कि पर्यटन और स्थानीय व्यापार को भी नई दिशा देने का कार्य करेगी।
इस ऐतिहासिक पहल को लेकर भाजपा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने इसे संताल परगना के रेल नेटवर्क के लिए एक क्रांतिकारी कदम बताया।
यह अमृत भारत एक्सप्रेस सप्ताह में तीन दिन संचालित होगी और अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगी। जसीडीह स्टेशन पर इसका ठहराव क्षेत्र के श्रद्धालुओं, व्यापारियों और आम यात्रियों के लिए विशेष लाभकारी साबित होगा।
ट्रेन का समय सारिणी
सियालदह की ओर (आगमन):
ट्रेन सुबह 5:20 बजे जसीडीह पहुंचेगी और सुबह 9:45 बजे
सियालदह (कोलकाता) पहुंचेगी।
बनारस की ओर (वापसी):
ट्रेन शाम 7:20 बजे सियालदह से प्रस्थान करेगी और रात्रि 11:30 बजे जसीडीह पहुंचेगी।
इस नई सेवा के शुरू होने से यात्री कम समय में बेहतर सुविधाओं के साथ धार्मिक स्थलों के बीच यात्रा कर सकेंगे। यह ट्रेन उन लाखों श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत साबित होगी, जो बाबा वैद्यनाथधाम और काशी के बीच नियमित रूप से यात्रा करते हैं। साथ ही, सुबह के समय सियालदह की सीधी कनेक्टिविटी मिलने से जसीडीह और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए कोलकाता जाना और अधिक आसान हो जाएगा।
सांसद का बयान
इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा वैद्यनाथ के भक्तों को काशी विश्वनाथ से सीधे जोड़ने का अपना संकल्प पूरा किया है। उन्होंने कहा कि अमृत भारत एक्सप्रेस की यह सौगात देवघर और जसीडीह के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।