Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-01-10

Jharkhand News: झारखंड में अपराध का डिजिटल कबूलनामा, वारदात के बाद सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी लेकर दहशत फैला रहे अपराधी

Jharkhand: झारखंड की आपराधिक दुनिया में इन दिनों एक हैरान करने वाला ट्रेंड सामने आ रहा है। जहां अब अपराधी किसी भी वारदात को अंजाम देने के बाद छिपने की बजाय सोशल मीडिया पर सामने आकर खुलेआम उसकी ज़िम्मेदारी ले रहे हैं। फेसबुक जैसे प्लेटफॉर्म अपराधियों के लिए न सिर्फ प्रचार का माध्यम बन चुका हैं, बल्कि दहशत फैलाने का डिजिटल हथियार भी बन गया हैं।

इसमें दिलचस्प बात यह है कि जिस सोशल मीडिया के ज़रिये अपराधी खौफ पैदा करना चाहते हैं, वही मंच पुलिस के लिए जांच का अहम सुराग भी साबित हो रहा है। वारदात के तुरंत बाद ज़िम्मेदारी लेने से पुलिस को यह साफ संकेत मिल जाता है कि घटना के पीछे कौन-सा गिरोह सक्रिय है, जिससे कार्रवाई और तेज़ हो रही है और कई अपराधी सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं।

वारदात के बाद सोशल मीडिया पर "कबूलनामा" 

हाल के दिनों में कई बड़ी आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने के बाद गिरोहों ने खुलकर इसकी जिम्मेदारी ली है

चतरा गोलीबारी (9 जनवरी): राजधर साइडिंग के पास हुई फायरिंग का दावा राहुल सिंह गिरोह ने सोशल मीडिया पर किया।

रामगढ़, कुजू गोलीबारी (6 जनवरी): कोयला कारोबारी डब्बू सिंह के घर पर हुई गोलीबारी की ज़िम्मेदारी राहुल दुबे गैंग ने पर्चा छोड़कर ली।

रामगढ़ ओवरब्रिज निर्माण स्थल फायरिंग (3 जनवरी): निर्माण कार्य के ऑफिस में हुई गोलीबारी का दावा भी राहुल सिंह गिरोह ने किया।

हजारीबाग उरीमारी गोलीकांड (30 दिसंबर 2025): इस घटना की जिम्मेदारी राहुल दुबे गैंग ने ली।

सयाल उरीमारी गोलीबारी (24 दिसंबर 2025): इस वारदात के पीछे भी राहुल दुबे गैंग का नाम सामने आया।

दहशत फैलाने का नया प्लेटफॉर्म बना सोशल मीडिया

झारखंड में अपराधियों ने सोशल मीडिया को अपना सबसे प्रभावी हथियार बना लिया है। इसकी शुरुआत कुख्यात अपराधी अमन साव (अब मृत) ने की थी, जो फेसबुक पर हथियारों के साथ तस्वीरें पोस्ट कर खुलेआम अपराधों की जिम्मेदारी लेता था। उसी डिजिटल दहशत के सहारे उसने अपना नेटवर्क खड़ा किया।

अब उसी राह पर प्रिंस खान, राहुल दुबे और राहुल सिंह जैसे अपराधी आगे बढ़ रहे हैं। ये गिरोह सोशल मीडिया पर आधुनिक हथियारों के साथ तस्वीरें साझा कर खुद को ताकतवर दिखाने की कोशिश करते हैं और हर वारदात के बाद अपनी मौजूदगी दर्ज कराकर पूरे राज्य में डर का माहौल बना रहे हैं।

पुलिस के लिए वरदान भी, चुनौती भी

सोशल मीडिया पर अपराध स्वीकार करने का यह चलन पुलिस के लिए किसी दोधारी तलवार से कम नहीं है। एक तरफ, घटनाओं के तुरंत बाद गिरोहों की पहचान हो जाने से जांच की दिशा तय हो जाती है और अपराधियों तक पहुंचना आसान हो जाता है। वहीं इसी वजह से कई मामलों में तेज़ कार्रवाई संभव हो पाई है।

लेकिन दूसरी ओर, खुलेआम हथियारों की नुमाइश और अपराध का सार्वजनिक दावा राज्य की कानून-व्यवस्था और आम जनता की सुरक्षा भावना के लिए गंभीर चुनौती बन गया है। यह ट्रेंड न सिर्फ अपराधियों का मनोबल बढ़ाता है, बल्कि समाज में असुरक्षा भी पैदा करता है, जिस पर लगाम लगाना अब पुलिस और प्रशासन के लिए बेहद ज़रूरी हो गया है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !