Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-01-11

Ranchi News: ठंड और कोहरे से जनजीवन प्रभावित, रांची में स्कूलों के समय में बदलाव

Ranchi News: रांची जिले में लगातार बढ़ती ठंड और शीतलहरी को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग रांची की ओर से जारी विशेष बुलेटिन के अनुसार जिले में आने वाले कुछ दिनों तक कड़ाके की ठंड बनी रहने की संभावना है. इसी को ध्यान में रखते हुए सभी निजी विद्यालयों में केजी से कक्षा 6 तक की कक्षाएं 14 जनवरी तक पूरी तरह स्थगित कर दी गई हैं. वहीं कक्षा सात से कक्षा बारह तक की कक्षाएं सुबह 10 बजे से संचालित होंगी.

परीक्षा संचालन को लेकर स्कूलों को छूट
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि इस अवधि में किसी विद्यालय में परीक्षा निर्धारित है तो उसका संचालन स्कूल प्रबंधन अपने विवेक के अनुसार कर सकता है. प्रशासन की ओर से अभिभावकों छात्रों और स्कूल प्रबंधन से अपील की गई है कि ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरती जाएं और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए. मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर आगे भी निर्णय लिए जाएंगे.

मैक्लुस्कीगंज बना राज्य का सबसे ठंडा इलाका
राज्य में सबसे अधिक ठंड मैक्लुस्कीगंज में दर्ज की गई है. शनिवार को यहां न्यूनतम तापमान माइनस एक डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. खूंटी में 1.4 डिग्री और गुमला में 1.5 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ. राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री रहा जो सामान्य से 2.4 डिग्री कम है. अधिकतम तापमान भी सामान्य से 2.7 डिग्री नीचे दर्ज किया गया.

कई जिलों में पांच डिग्री से नीचे पहुंचा पारा
हजारीबाग और गढ़वा में न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री दर्ज किया गया. डालटनगंज में 3.5 डिग्री बोकारो और सरायकेला में 6.1 डिग्री जमशेदपुर और लातेहार में 8.0 डिग्री देवघर में 7.1 डिग्री कोडरमा में 6.6 डिग्री और चतरा में 6.0 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया. राज्य के कुल छह जिलों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से नीचे चला गया है.

खेती और आम जनजीवन पर दिखने लगा असर
कड़ाके की ठंड का सीधा असर खेती और सामान्य जनजीवन पर नजर आने लगा है. मैक्लुस्कीगंज और आसपास के इलाकों में घास और खेतों में पाला जम गया है. इससे सब्जियों और रबी फसलों को नुकसान की आशंका बढ़ गई है. सुबह और देर रात ठंडी हवा और कोहरे के कारण लोग घरों से निकलने से बच रहे हैं. बुजुर्गों बच्चों और बीमार लोगों के लिए यह मौसम ज्यादा जोखिम भरा माना जा रहा है.

मौसम विभाग की सावधानी बरतने की सलाह
मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को गर्म कपड़े पहनने अलाव का सहारा लेने और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है. ठंड और कोहरे की स्थिति अगले कुछ दिनों तक बने रहने की संभावना जताई गई है.

कोहरे से हवाई यातायात प्रभावित
घने कोहरे का असर रांची एयरपोर्ट से संचालित उड़ानों पर भी पड़ा है. शनिवार को कुल 11 फ्लाइट्स अपने निर्धारित समय से देरी से रवाना हुईं. दिल्ली मुंबई कोलकाता चेन्नई और पटना जाने वाली कई उड़ानों के समय में बदलाव करना पड़ा. अधिकारियों के अनुसार विजिबिलिटी कम होने के कारण विमानों के संचालन में दिक्कत आई है. यात्रियों को समय से पहले एयरपोर्ट पहुंचने और उड़ानों की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है.

बढ़ती ठंड से जनजीवन प्रभावित
रांची समेत पूरे झारखंड में बढ़ती ठंड ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है. प्रशासन की ओर से स्कूलों के समय में बदलाव बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए एक जरूरी कदम माना जा रहा है. तापमान में लगातार गिरावट और कोहरे की स्थिति से यह साफ है कि आने वाले दिनों में सतर्कता और सावधानी बेहद जरूरी होगी. मौसम की चुनौती के बीच प्रशासन और आम लोगों दोनों की भूमिका अहम बन जाती है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !