Jamshedpur News: जमशेदपुर में 11 जनवरी को वन विभाग को तोता तस्करी से जुड़ी गुप्त सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साकची गोलचक्कर के पास छापेमारी की. इस दौरान अभय गुप्ता को पकड़ा गया जिसके पास से 35 तोते बरामद किए गए.
निशानदेही पर दो और तस्कर गिरफ्तार
अभय गुप्ता से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर मो. गुड्डू और समीर अंसारी को भी गिरफ्तार किया गया. इसके बाद वन विभाग की टीम ने आरोपियों के आवास पर छापेमारी की जहां से बड़ी संख्या में संरक्षित पक्षी और वन्य सामग्री बरामद हुई.
आवास से बड़ी संख्या में पक्षी बरामद
छापेमारी के दौरान आरोपियों के पास से पटरकीट 22, कॉकटेल 10, डियर होम 1, पहाड़ी तोता 35 और मोर पंख बरामद किए गए. बरामद सभी पक्षियों और सामग्री को वन विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया है.
वन्य प्राणी अधिनियम के तहत कार्रवाई
वन विभाग ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर वन्य प्राणी अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है. अधिकारियों के अनुसार पूछताछ अभी जारी है और आगे और भी अहम खुलासे होने की संभावना है.
वन विभाग की कार्रवाई महत्वपूर्ण
जमशेदपुर में वन्य जीव तस्करी के खिलाफ वन विभाग की यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है. बड़ी संख्या में संरक्षित पक्षियों की बरामदगी से यह संकेत मिलता है कि शहर में अवैध वन्य जीव व्यापार सक्रिय है. लगातार की जा रही कार्रवाई से तस्करों पर दबाव बढ़ेगा और ऐसे मामलों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी.