Ranchi Political News: राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) झारखंड के युवा प्रकोष्ठ ने प्रदेशव्यापी “युवा संवाद चौपाल यात्रा” की शुरुआत रांची से की. इस अभियान का नेतृत्व युवा राजद झारखंड प्रदेश अध्यक्ष रंजन यादव कर रहे हैं. यात्रा की टैगलाइन रखी गई है “हम लड़ेंगे, युवाओं का हक़ दिलाने तक”
कार्यक्रम की शुरुआत प्रदेश राजद कार्यालय में स्वामी विवेकानंद की जयंती और समाजवादी नेता शरद यादव की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई. इसके बाद युवा संवाद चौपाल यात्रा के उद्देश्यों और कार्यक्रमों की जानकारी दी गई.
युवा राजद ने बताया कि यह यात्रा पूरे झारखंड में निकाली जाएगी. इसके तहत संगठन की टीम हर जिले में जाकर चौपाल लगाएगी और युवाओं से सीधे संवाद करेगी. युवाओं की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए मांग-पत्र तैयार किए जाएंगे. जरूरत पड़ने पर जनआंदोलन और जनदबाव की रणनीति भी अपनाई जाएगी.
प्रदेश अध्यक्ष रंजन यादव ने कहा कि युवाओं के सवाल केवल फाइलों में दबे न रहें, बल्कि सरकार तक मजबूती से पहुंचें, यही इस अभियान का मकसद है. साथ ही कार्यकर्ताओं को जनहित और युवा मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा.
युवा संवाद चौपाल यात्रा के प्रमुख मुद्दे
यात्रा के दौरान जिन मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा, उनमें शामिल हैं—
• बेरोजगारी और नए रोजगार के अवसर.
• प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, देरी और अनियमितता.
• शिक्षा की बढ़ती लागत, छात्रवृत्ति और गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई.
• स्थानीय युवाओं को नौकरी में प्राथमिकता.
• कौशल विकास, तकनीकी प्रशिक्षण और स्टार्टअप को सहयोग.
• नशाखोरी, अपराध और सामाजिक असुरक्षा.
• युवाओं की राजनीतिक भागीदारी और नेतृत्व विकास.
• SIR प्रक्रिया के तहत कैंप लगाकर मतदाता जागरूकता.
• जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर पर संगठन का विस्तार.
• पेपर लीक के खिलाफ आंदोलन.
• बेरोजगारी को लेकर रोजगार संकल्प रैली.
• झारखंडी युवाओं के पलायन को रोकने की मांग.
• सोशल मीडिया वॉर रूम का गठन.
• छात्रवृत्ति और शिक्षा सुधार को लेकर संघर्ष.
• अग्निवीर भर्ती के लिए जिला मुख्यालयों में कैंप लगाने की मांग.
• खनन क्षेत्रों में स्थानीय युवाओं की सुरक्षा और रोजगार.
• सामाजिक न्याय और संविधान बचाओ यात्रा.
• नगर निकाय चुनावों में युवाओं की अधिक भागीदारी.
• आउटसोर्सिंग कंपनियों पर रोक और स्थानीय रोजगार की मांग.
• मॉब लिंचिंग के खिलाफ राज्यपाल को भेजे गए प्रस्ताव को जल्द पारित करने की मांग.
युवा प्रकोष्ठ ने कहा कि झारखंड का वर्तमान और भविष्य युवा हैं। जब तक उन्हें उनका अधिकार नहीं मिलेगा, तब तक संघर्ष जारी रहेगा. इसी संकल्प के साथ यह यात्रा शुरू की गई है.
कार्यक्रम में रहे कई नेता और कार्यकर्ता शामिल
रांची में आयोजित युवा चौपाल कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता मौजूद रहे. इसके अलावा युवा राजद अध्यक्ष रंजन कुमार यादव, प्रधान महासचिव शौकत अंसारी, उपाध्यक्ष जफीर खान, अनीता यादव, विजय राम, क्षितिज मिश्रा, आनंद गोप, राजकिशोर सिंह यादव, रामकुमार यादव, अभिराज राय, अजय यादव, लाल बाबू रजक, कमलेश यादव, कमलेश सिंह, रविंद्र सिंह, संतोष राम, दीपक यादव, निर्भय महेश, अनिल, सुनील सहित सैकड़ों युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
युवा राजद ने राज्य के सभी युवाओं से अपील की है कि वे इस अभियान से जुड़ें, अपनी समस्याएं खुलकर सामने रखें और एक न्यायपूर्ण व सशक्त झारखंड के निर्माण में भागीदार बनें.