Seraikela News: सरायकेला थाना क्षेत्र के गोविंदपुर के समीप एक अज्ञात हाइवा ने बाइक सवार दंपत्ति को अपनी चपेट में ले लिया. इस हादसे में संगीता महतो (26 वर्ष) और संजय महतो (30 वर्ष) घायल हो गए हैं. संगीता की स्थिति गंभीर बताई जा रही है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया गया है, जबकि संजय को हल्की चोटें आई हैं और उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है.
विपरीत दिशा से आ रहे एक अज्ञात हाइवा ने मारी टक्कर
हादसा तब हुआ जब दंपत्ति अपनी बहन के घर से वापस लौट रहे थे. वे बाइक से राजनगर अपनी बहन के घर श्राद्ध कर्म में शामिल होने गए थे. वापसी के दौरान गोविंदपुर के समीप विपरीत दिशा से आ रहे एक अज्ञात हाइवा ने उनकी मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में मोटरसाइकिल के पीछे बैठी संगीता महतो सड़क पर गिर पड़ीं और उनके सिर में गंभीर चोट आई.
फरार हाइवा चालक की तलाश में जुटी पुलिस
दुर्घटना के बाद हाइवा चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. घटना सोमवार की दोपहर करीब चार बजे की बताई जा रही है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार हाइवा चालक की तलाश की जा रही है. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से संगीता महतो को जमशेदपुर रेफर कर दिया गया.