Chakradhapur News: चक्रधरपुर शहर में मंगलवार को एलआईसी भवन के सामने स्थित साड़ी की दुकान बनारसी प्लेस में अचानक आग लग गई. आग तेजी से फैलने लगी, जिससे आसपास के घरों और दुकानों पर भी खतरा पैदा हो गया.
सन्नी उरांव पहुंचे घटना स्थल पर
आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को जानकारी दी. साथ ही झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष सन्नी उरांव और सामाजिक कार्यकर्ता दिनेश जेना को भी मामले से अवगत कराया गया. बताया गया कि घटना के समय सन्नी उरांव किसी काम से थाना गए हुए थे, लेकिन सूचना मिलते ही वे अग्निशमन वाहन के साथ सीधे घटनास्थल पर पहुंचे.
अग्निशमन कर्मियों के साथ स्थानीय लोगों और आसपास के निवासियों ने मिलकर आग बुझाने में मदद की. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. इस घटना में साड़ी की दुकान को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है.
मौके पर पूर्व वार्ड पार्षद बिनय बर्मन, सामाजिक कार्यकर्ता एंथोनी, बापी दत्ता सहित कई लोग मौजूद रहे. सभी के सहयोग से समय रहते आग बुझा ली गई. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि दमकल की गाड़ी देर से पहुंचती, तो आग आसपास के रिहायशी इलाकों तक फैल सकती थी. समय पर कार्रवाई और सामूहिक प्रयास से एक बड़ी दुर्घटना टल गई.